आज मिल सकता है अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। वर्ष 2016 में बेसिक शिक्षा विभाग की 12460 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले में कराई गई दूसरे चरण की काउंसिलिंग में रविवार देर शाम तक अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी नहीं की सकी। अभ्यर्थी कड़ाके की ठंड के बावजूद सूची देखने के लिए दूसरे दिन भी बीएसए कार्यालय में जुटे रहे। बीएसए का कहना है कि सूची पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। 8 जनवरी को अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने की संभावना है।
विदित हो कि शासन से इस भर्ती प्रक्रिया के तहत बलरामपुर के लिए 158 पदों की सूची जारी की गई थी। इनमें से 25 अभ्यर्थियों को वर्ष 2018 में ही नियुक्ति पत्र मिल गया था। 133 पद रिक्त रह गए थे। न्यायालय के आदेश पर 31 अभ्यर्थी पहले चरण की काउंसिलिंग कराने बीते 29 दिसंबर को जिले में पहुंचे थे। अभिलेखों के सत्यापन के बाद उन्हें नियुक्ति पत्र के साथ नौकरी की सौगात दे दी गई। दूसरे चरण में 102 पदों के लिए पांच जनवरी को बीएसए कार्यालय में काउंसिलिंग कराई गई। काउंसिलिंग के बाद रविवार शाम 7:00 बजे तक सूची जारी नहीं की जा सकी। अभ्यर्थी दूसरे दिन भी सूची जारी होने की राह देखते रहे। कड़ाके की ठंड में सूची देखने के लिए गैर जनपद से आए अभ्यर्थियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस संबंध में बीएसए कल्पना देवी का कहना है कि सूची फाइनल होने के बाद एनआईसी की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।