बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों और समुदाय को ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक करने के लिए 28 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सभी विद्यालयों में ई-वेस्ट मैनेजमेंट विषय पर एक दिवसीय गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालयों में अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामान एकत्र कर सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया जाएगा। 28 अक्टूबर को एकत्र ई-कचरे को अधिकृत पुनर्चक्रणकर्ताओं को सौंपने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा।
सभी विद्यालयों में हरे, नीले, लाल और काले रंग के चार डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को इनके उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, जिला परियोजना कार्यालय और खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में भी चार डस्टबिन रखे जाएंगे। ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बैनर, स्टैंडी और अन्य सूचना सामग्री का उपयोग किया जाएगा।
सुबह की प्रार्थना सभा में होगी प्रश्नोत्तरी
28 अक्टूबर को विद्यालयों की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को ई-कचरे के सुरक्षित प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान प्रश्नोत्तरी भी आयोजित होगी। अभियान की तैयारियों के लिए 25 अक्टूबर को शिक्षकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा।