गौरा चौराहा/गैसड़ी। नेपाल के सीमावर्ती संवेदनशील जिले के कई क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से रात के समय ड्रोन मंडराने से ग्रामीण भयभीत हैं। आसमान में नजर आ रहीं रहस्यमयी लाल, हरी और पीली लाइटों ने हलचल मचा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि ये लाइटें लगातार देर रात तक गांवों के ऊपर मंडराती रहती हैं। पुलिस को तो ड्रोन उड़ते नहीं दिखे, लेकिन ग्रामीणों के दावों पर एसपी ने जांच के लिए विशेष टीम बनाई है।
गौरा चौराहा क्षेत्र के बेनीनगर, झौंववा, रतनपुर, विजयनगर, चिवटीहवा, जहांदारिया, जमुरिया, त्रिलोकपुर, चौखड़ा, नौबस्ता, मधुपुर, परसा, चौबेपुर, पड़खुड़ी, सींगनाथ, मस्जिदिया समेत सैकड़ों गांवों में रात 9 बजे से 11 बजे तक यह ड्रोन उड़ते देखे गए। ग्रामीणों का कहना है कि उसमें से निकलती लाइटें लगातार रंग बदलती रहती हैं। ग्रामीण राकेश कुमार, सिपाही यादव, राज यादव, लाला राम मौर्य, पंकज त्रिपाठी, पप्पू सिंह, संकेत सिंह, निशाहू खान और मोहम्मद अकरम ने बताया कि रात में ऐसी लाइटें देखने के बाद लोग डरे हुए हैं।
जिगनिहवा में ड्रोन कैमरे दिखे
गैसड़ी क्षेत्र के जिगनिहवा गांव में मंगलवार रात करीब 8 बजे ग्रामीणों ने गांव के दक्षिण तरफ चिकनी तालाब के पास दो से तीन ड्रोन कैमरे उड़ते देखे। ग्रामीण धर्मेंद्र, दलजीत, अशोक और सीके राना ने बताया कि ड्रोन कैमरे काफी देर तक गांव के आसपास मंडराते रहे और बाद में ऊंचाई पर चले गए। सूचना पाकर ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक लगभग एक घंटे तक ड्रोन कैमरे आसमान में उड़ते रहे। उतरौला क्षेत्र के गांव बनकटवा, बेथुइया, मझौव्वा कुरथुवा और फकिरापुर में ड्रोन देखे जाने की शिकायत मिली है।
जांच के लिए विशेष टीम गठित
ड्रोन के उड़ने की जानकारी पर स्थानीय थानों के प्रभारी निरीक्षकों से रिपोर्ट मांगी गई थी। फिलहाल पुलिस को अभी ड्रोन उड़ते नहीं मिला है। लोगों से धैर्य से काम लेने की अपील की गई है। सर्विलांस के साथ ही एसओजी और स्थानीय थानों की निरीक्षक स्तर के अधिकारी की टीम बनाई गई है। इसके साथ ही बिना पुलिस की अनुमति के किसी को भी ड्रोन उड़ाने पर रोक लगा दी गई है। हर स्तर से जांच की जा रही है।
विकास कुमार, पुलिस अधीक्षक