बलरामपुर। भारतीय संविधान के लेखक भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस शुक्रवार को जिले भर में मनाया गया। जगह-जगह गोष्ठी आयोजित कर राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब के योगदान को याद किया गया। बाबा साहेब के जीवनवृत्त पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भ लिया गया।
नगर के आंबेडकर तिराहा स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गोष्ठी का शुभारंभ किया गया। डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौतम ने कहा कि बाबा साहेब ने जीवन भर दबे-कुचले व शोषित वर्ग के उत्थान के लिए संघर्ष किया। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। छह दिसंबर 1956 को बाबा साहेब का निधन होने से देश को अपूर्णनीय क्षति हुई। गोष्ठी को अलखराज गौतम, रामदास, कुलराज, राम सेवक, धनीराम चौधरी, मुन्ना लाल गौतम व आरके वर्मा आदि ने भी संबोधित किया।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मनाया सामाजिक समरसता दिवस
-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने एमएलके महाविद्यालय में डॉ. आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस को सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाया। प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय, वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन, एबीवीपी के जिला संयोजक अंबुज भार्गव, डॉ. आलोक शुक्ल व डॉ. भानू प्रताप आदि ने सामाजिक न्याय और समानता के लिए डॉ. आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रोहन तिवारी, हंस पांडेय, उमरा मेकरानी, अभय मिश्र व मनीष यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
राजनीतिक दलों ने भी मनाया महापरिनिर्वाण दिवस
सपा कार्यालय लोहिया भवन में डॉ. आंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया गया। गैसड़ी विधायक राकेश यादव, पूर्व विधायक राम सागर अकेला, पूर्व विधायक जगराम पासवान, पूर्व विधायक मशहूद खान व इकबाल जावेद आदि ने बाबा साहेब के जीवनवृत्त पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आंबेडकर तिराहे स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, महासचिव विनय कुमार मिश्र, पीसीसी डॉ. पंकज गुप्त, डॉ. प्रतीक मिश्र व अवधेश पाल सिंह आदि ने राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भी डॉ. आंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया। इस अवसर पर कल्लू सिंह चौहान, रामतीरथ मौर्य, जगदंबा प्रसादश्सफीक अंसारी, पीतांबर व विनोद कुमार चौहान आदि मौजूद रहे।