जरवा। वन्य जीव प्रभाग तुलसीपुर रेंज की ग्राम पंचायत रनियापुर बनगाई में कुत्तों की दहशत से लोग परेशान हैं। सोमवार को कुत्ते ने सात लोगों को काट लिया। वहीं, गांव के पांच कुत्तों को भी काटा है, जिसमें एक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।
सोमवार सुबह पांच बजे से कुत्ते ने चंद्रिका प्रसाद यादव, शिवराम यादव, राजबहादुर, राजकरन, रामनरेश, अंबिका प्रसाद और रामप्रसाद यादव समेत कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के हमले से गांव के लोग दहशत में हैं। लोग घरों से निकलने से डर रहे हैं। ग्राम प्रधान राम सिंह यादव ने बताया कि कुत्ते ने गांव के पांच अन्य कुत्तों को काट लिया। इनमें से एक की मौत हो चुकी है।
अब हालात यह हैं कि बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। घायल ग्रामीणों ने बताया कि पशु चिकित्सालय बघेलखंड में न तो एंटी-रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध है और न ही डॉक्टर की तैनाती है। सीएचसी तुलसीपुर में इलाज कराने जाना पड़ रहा है। (संवाद)