बलरामपुर। कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने में कोई कोताही न बरतें। फरियादियों को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं का निस्तारण कराने में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अफसरों व कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। यह बातें पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा डॉ. राकेश सिंह ने सैनिक सम्मेलन के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि आम जनमानस अपनी समस्याओं का निराकरण कराने के लिए कोतवाली व थानों में आती है। ऐसे लोगों को सही रास्ता बताकर उनकी समस्याओं का निराकरण कराएं। शासन की मंशा के अनुरूप सभी पुलिस अधिकारी व कर्मी काम करें।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में चलाए जा रहे कार्यक्रमों को हर व्यक्ति तक पहुंचाएं, जिससे बेटियों व महिलाओं को सुरक्षा के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
पुलिस महानिरीक्षक ने सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनका निपटारा कराने का निर्देश दिया। मौके पर एसपी हेमंत कुटियाल, एएसपी अरविंद मिश्र, सीओ सिटी वरुण कुमार मिश्र, सीओ सदर प्रेम कुमार थापा, सीओ उतरौला आरआर सिंह व सीओ तुलसीपुर उदयराज सहित सभी कोतवाली व थानों के पुलिस कर्मी मौजूद रहे।