बलरामपुर। जिले से इस वर्ष डेढ़ हजार एमटी आम का निर्यात गैर राज्यों व दूसरे देशों में किया जाएगा। डीएम श्रुति की ओर से गठित तीन सदस्यीय टीम ने शनिवार को मैंगो कलस्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी बागवानों को आम की रखरखाव और सुरक्षा आदि के बारे में जानकारी दी गई।
जिला उद्यान अधिकारी लाल बहादुर मौर्य ने बताया कि जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार व ज्येष्ठ विपणन निरीक्षक इफ्तेखार अहमद खां के साथ कई बागों का निरीक्षण किया गया। कृषि विपणन निर्यात नीति के तहत उद्यान विभाग की तरफ से बनाए गए मैंगो कलस्टर का डीएम की तरफ से गठित टीम से निरीक्षण कराकर बागवानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आम को प्रदेश व देश के बाहर निर्यात करने के लिए एक निजी कंपनी से करार किया गया है। इसी कंपनी के माध्यम से आम क्रय करने की योजना बनाई गई है।
किसानों को गुणत्तायुक्त आम उत्पादन करने के लिए तकनीकी जानकारी दी जा रही है। कंपनी ने अपने कलस्टर में अब तक 50 आम के किसानों को जोड़ा है। सभी किसानों ने अपने बागों का सत्यापन कराया और आम को बाहर भेजने में उत्साह भी दिखाया। कंपनी के सीईओ अजय सिंह ने बताया कि इस साल जिले से डेढ़ हजार एमटी आम के उत्पादन को बाहर भेजने की उम्मीद है जिसके लिए किसानों को अभी से तकनीकी जानकारी देकर गुणवत्तायुक्त आम उत्पादन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आम के किसान शास्वत सिंह के 10 हेक्टेयर, अजीत सिंह के छह हेक्टेयर, विजय सिंह के दो हेक्टेयर, संजय सिंह के दो हेक्टेयर, विवेक सिंह के छह हेक्टेयर, धवल सिंह के चार हेक्टेयर, योगेंद्र सिंह के 10 हेक्टेयर, हरीश सिंह के पांच हेक्टेयर, प्रशांत सिंह के 10 हेक्टेयर व नूतन सिंह के पांच हेक्टेयर क्षेत्र में लगे बाग का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के समय कंपनी के निदेशक अजीत सिंह, मंगलदेव सिंह व जितेंद्र प्रसाद सहित तमाम किसान मौजूद रहे।