बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते डीएम व अन्य।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को उद्योग बंधु की बैठक हुई। बैठक में उद्यमियों ने अपनी समस्याएं गिनाईं। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने व्यापारियों की समस्या सुनते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापारी नेता रमेश पाहवा ने बताया कि जिले में एक ही औद्योगिक क्षेत्र है, जो बहुत छोटा है, ऐसे में नये उद्यमियाें को उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन नहीं मिल पा रही है। नये उद्याेग स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन व्यापारियाें को उचित स्थान पर जमीन मुहैया कराए। इसके अलावा होटल संचालकों ने आमदनी बढ़ाने के लिए पर्यटन विभाग से सहयोग की मांग की। अन्य व्यापारियों ने अघोषित बिजली की समस्या दूर कराने की मांग की। बैठक में डीएम ने पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम अटल पेंशन योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना और सीएम युवा स्वरोजगार योजना सहित अन्य रोजगारपरक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीडीओ हिमांशु गुप्त, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, एलडीएम अमित कुमार, सीओ ज्योतिश्री व उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।
बैंकों में ऋण फाइल लंबित होने पर जताई नाराजगी
उद्योग बंधु की बैठक में विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण फाइलों को लेकर डीएम ने काफी नाराजगी जताई। पंजाब नेशनल बैंक व इंडियन बैंक में लंबित फाइलों की संख्या अधिक होने पर कड़ी फटकार लगाई। बैंक समन्वयकों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैंक अधिकारियों को ऋण जमा अनुपात बढ़ाने की बात कही।