बलरामपुर। माडर्न इंटर कॉलेज में बीते दिनों प्रधानाचार्य पद पर नई तैनाती को लेकर हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। स्कूल के ट्रस्टी पद से सदस्यों ने जबरन इस्तीफा दिलाने का आरोप लगाया है।
ट्रस्ट के सदस्यों ने डीएम को पत्र देकर जांच व कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ट्रस्ट के सदस्यों की मांग पर डीएम ने डीआईओएस को जांच कर समस्या का निराकरण कराने का निर्देश दिया है।
डीएम को दिए गए पत्र के जरिये अशोक कुमार गुप्ता ने माडर्न इंटर कॉलेज में अध्यक्ष, अजय कुमार अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष तथा सौम्य अग्रवाल ने सदस्य के रूप में कार्य करने की बात कही है। अशोक का कहना है कि वह 44 वर्षों से कॉलेज के ट्रस्टी और विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष हैं।
30 जून 2019 को प्रधानाचार्य का पद रिक्त हो जाने पर प्रबंध समिति की तरफ से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। प्रधानाचार्य पद पर नई तैनाती को लेकर कुछ शिक्षकों की तरफ से तीन जुलाई को विरोध जताकर शिक्षण कार्य बंद कराया गया।
प्रबंध समिति के तमाम प्रयास के बाद भी समाधान नहीं निकल सका और 7 जुलाई को तैनात किए गए नए प्रधानाचार्य की नियुक्ति निरस्त कर दी गई।
इन लोगों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को दिए गए पत्र के जरिये विद्यालय के कुछ शिक्षकों व कर्मचारियों पर जबरन सादे कागज पर ट्रस्टी के पद से इस्तीफा दिलाने का आरोप लगाया और प्रेस कान्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया और स्कूल की छवि को खराब करने का आरोप भी लगाया।
डीएम कृष्णा करुणेश ने डीआईओएस महेंद्र कुमार कन्नौजिया को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। डीआईओएस ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहे हैं।