फोटो-4-बलरामपुर में स्कूल बस से विद्यालय जाती छात्राएं ।-संवाद
बलरामपुर। निजी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल बसों में महिला अटेंडेंट रखने का आदेश जारी किया गया है, लेकिन इसके बावजूद जिले में व्यवस्था धरातल पर नहीं उतर सकी है। कई निजी स्कूलों की बसों में छात्राओं को लाने-ले जाने के दौरान महिला अटेंडेंट की तैनाती नहीं की गई है। इससे छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
जिले में बस और वैन मिलाकर कुल 274 स्कूली वाहनों का संचालन हो रहा है। कई विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग बसों की व्यवस्था है। ऐसे में छात्राओं को लाने-ले जाने वाले स्कूली वाहनों में महिला अटेंडेंट की तैनाती अनिवार्य की गई है। इसके बावजूद अधिकांश वाहनों में महिला अटेंडेंट तो दूर, किसी सहायक तक की व्यवस्था नहीं है। चालक के भरोसे ही विद्यार्थी स्कूली वाहनों में चढ़ते और उतरते हैं।
जिले के कुछ प्रमुख स्कूलों को छोड़ दें तो अधिकांश स्कूल संचालकों ने अभी तक महिला अटेंडेंट की व्यवस्था लागू नहीं की है। अभिभावक संतोष गुप्त, मुन्नालाल, महेश वर्मा, प्रशांत और शालिनी ने कहा कि आए दिन बालिकाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इन पर रोक लगाने के लिए स्कूली वाहनों में महिला अटेंडेंट की तैनाती बेहद जरूरी है। बिना महिला अटेंडेंट वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग को कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि बालिकाओं को सुरक्षित यात्रा का माहौल मिल सके।