फोटो-16-बलरामपुर के बाल भारती इंटर कॉलेज के स्मार्ट क्लास में मौजूद विद्यार्थी व शिक्षक ।-स्रो
बलरामपुर। छात्रों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बीएचकेएस बाल भारती इंटर कॉलेज में डिजिटल स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अल्ताफ ने स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया। उनके सहयोग से तैयार इस कक्षा में 60 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और राष्ट्रगान से हुआ। इसकी अध्यक्षता डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने की। कॉलेज प्रबंधक डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यार्थियों के पठन-पाठन को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से कॉलेज में तीन डिजिटल स्मार्ट क्लास स्थापित की जा रही हैं। साथ ही पूरे परिसर को वाई-फाई सुविधा से भी जोड़ दिया गया है।
मुख्य अतिथि डॉ. अल्ताफ ने कहा कि डिजिटल तकनीक छात्रों को नवीन ज्ञान, शोध और आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने भविष्य में भी कॉलेज के शैक्षिक विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन उप सचिव दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर संजय शर्मा, आलोक श्रीवास्तव, डॉ. जुबैर अहमद, प्रधानाचार्या अनीता चौहान, रोटरी ग्रेटर के अध्यक्ष रो. भूपेंद्र सिंह, सचिव रो. राजन जायसवाल सहित शिक्षक, छात्र एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।