बलरामपुर के उतरौला नगर में पांडाल में सजाई गई श्री गणेश प्रतिमा।
- फोटो : BALRAMPUR
तुलसीपुर/उतरौला। गणेश चतुर्थी के दिन से ही जिले भर में गणेश उत्सव की धूम है। जगह-जगह पूजा-पंडाल सजाकर भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना की जा रही है। पूजा-पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है।
उतरौला के नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में गणेश पूजन महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। स्थानीय बस स्टेशन, हाटन रोड, ज्वाला महारानी मंदिर, दुखहरण नाथ मंदिर एवं आर्यनगर सहित तमाम स्थानों पर भगवान श्रीगणेश का पूजा पंडाल सजाया गया है। भगवान श्रीगणेश की आकर्षक प्रतिमाओं का दर्शन करने के लिए रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी।
लोगों ने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना करके जीवन की बाधाओं को दूर करने तथा परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूजा-पंडाल सजाकर प्रवचन आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी तरह तुलसीपुर नगर में भी गणेश उत्सव कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है।
नगर के इटवा चौराहे पर सजाए गए पूजा-पंडाल में रविवार को क्षेत्रीय विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने तमाम श्रद्धालुओं के साथ पहुंचकर विघ्न विनाशक भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर बनारसीलाल मोदनवाल व मनीष कुमार त्रिपाठी सहित तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।