बलरामपुर। गांव की सरकार चलाने वाले नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के सपने काफी बुलंद हैं। जीत के बाद यह लोग गांव में विकास की गंगा बहाने का दावा कर रहे हैं।
कोई ग्रामीणों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने की तो कोई बेहतर मार्ग बनवाने का दावा कर रहा है। इसके साथ ही ग्रामीणों को मार्ग प्रकाश व्यवस्था, लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना भी इन प्रधानों ने अपनी प्राथमिकता में शामिल कर रखा है। कुछ ऐसे ही नवनिर्वाचित प्रधानों ने बातचीत की गई तो उनके इरादे कुछ इस तरह नजर आए।
करेंगे सर्वांगीण विकास
सदर ब्लॉक के सिसई गांव के प्रधान चुने गए इसरार अहमद ने दावा किया है कि वह गांव का सर्वांगीण विकास करेंगे। गांव में नाली, खड़ंजा, स्ट्रीट लाइट व चकमार्ग का निर्माण कराने के साथ-साथ शुद्ध पेयजल की व्यवस्था उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
योजनाओं का मिलेगा लाभ
सदर ब्लॉक के लालनगर गांव से निर्वाचित हुए ग्राम प्रधान बसंतलाल ने कहा कि वह भेदभाव भूलकर सभी लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। गांव का विकास करेंगे। गांव के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
सभी का कराएंगे विकास
रेहरा बाजार ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरायखास से नवनिर्वाचित प्रधान गंगाराम वर्मा ने बताया कि वह गांव का चहुमुखी विकास कराएंगे। गांव में सभी पात्रों को आवास, पेंशन जैसी योजना का लाभ दिलाया जाएगा। बिना भेदभाव के सभी का विकास कराया जाएगा।
पात्र होंगे लाभान्वित
तुलसीपुर ब्लॉक के पटोहा कोट गांव से नवनिर्वाचित प्रधान केसरी सिंह ने गांव के सभी पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि वह गांव में बिजली, पानी, सड़क एवं सिंचाई के संसाधनों का समुचित प्रबंध करेंगे।
महिलाओं का रखेंगी ध्यान
तुलसीपुर ब्लॉक के बदलूपुर गांव से प्रधान पद का चुनाव जीतने वाली शीला देवी का कहना है कि वह महिलाओं के मान सम्मान की रक्षा करेंगी। महिलाओं के साथ-साथ गांव के पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
पीड़ितों की होगी मदद
हरैया सतघरवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत टेंगनवार से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान सुधा सिंह ने बताया कि गांव का सर्वांगीण विकास कराना ही उनकी प्राथमिकता में शामिल है। लोगों के सुख दुख में भाग लेना और पीड़ितों की मदद करने में हमेशा तत्पर रहेंगी।
बनेगा आदर्श ग्राम
हरैया सतघरवा ग्राम पंचायत से प्रधान चुनी गई अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि गांव के लोगों ने मतदान कर हमें जीत दिलाई है। गांव वालों ने जो विश्वास जताया है उस पर वह खरी उतरेंगी। गांव को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।
सभी का होगा सम्मान
सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बैजपुर से विजयी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जिस तरह लोगों ने विश्वास करके हमें प्रधान बनाया है उस पर वह खरा उतरेंगे। गांव के सभी लोगों का सम्मान करने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
विकास कराना ही लक्ष्य
सदर ब्लॉक के खैराही गांव से प्रधान चुनी गई सविता सिंह ने कहा कि गांव का विकास एवं ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराना ही उनकी प्राथमिकता में शामिल है। लोगों को बिना भेदभाव के आवास, पेंशन जैसी सभी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।