बलरामपुर। फ्रीज मतदाता सूची में दर्ज चार लाख 21 हजार 245 (26.61 फीसदी) वोटरों को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। अनुपस्थित, स्थानांतरित व पहले से कहीं दूसरी जगह पर दर्ज व मृतक (एएसडी) श्रेणी में दर्ज वोटरों के घरों पर नोटिस भेजकर ब्योरा खंगाला जाएगा। सभी ब्योरा ऑनलाइन कर दिया गया है।
जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में बलरामपुर, उतरौला, तुलसीपुर व गैसड़ी की फ्रीज मतदाता सूची में 15 लाख 83 हजार 27 वोटर दर्ज थे। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में इन वोटरों को गणना प्रपत्र भरकर जमा करना है। 15 दिसंबर शाम चार बजे तक 73.39 फीसदी के साथ 11 लाख 61 हजार 788 वोटरों ने गणना प्रपत्र भरकर अपने-अपने बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारियों) के पास जमा कर दिया है। अब चारों विधानसभा क्षेत्रों के 26.61 फीसदी वोटरों को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
चार लाख 21 हजार 245 वोटरों का नाम मृतक, अनुपस्थित, स्थानांतरित और पहले से दर्ज मतदाता के रूप में चिह्नित किया गया है। जिले में एक लाख 81 हजार 728 (11.48 फीसदी) मतदाता अनुपस्थित हैं। वहीं, एक लाख 17 हजार 364 (7.41 फीसदी) मतदाता स्थानांतरित हैं। 63485 (4.01 फीसदी) मतदाता मृतक के रूप में दर्ज हैं। 35 हजार 605 (2.25 फीसदी) मतदाताओं के नाम पहले से दर्ज हैं। अन्य में 23 हजार 63 (1.46 फीसदी) मतदाता दर्ज हैं।
27 तक जमा कर सकते हैं फाॅर्म
एसआईआर के तहत 27 दिसंबर तक गणना फाॅर्म भरकर जमा कर सकते हैं। अभियान में मृतक, अनुपस्थित, जगह छोड़ चुके व पहले से कहीं दूसरी जगह पंजीकृत मतदाताओं का ब्योरा ऑनलाइन कर दिया गया है। बीएलओ के पास अपना नाम देख सकते हैं।
- ज्योति राय, एडीएम वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी