बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। निर्वाचन कार्यालय तुलसीपुर की ओर से 311 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की तैनाती की गई है। सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण सहित अन्य निर्वाचन कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उपजिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी राकेश कुमार जैन ने खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी और नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया है कि नियुक्त बीएलओ दो फोटो के साथ कार्यालय उपस्थित होकर कार्य पूर्ण करा लें। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता नामावली का वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम अगस्त के दूसरे सप्ताह से शुरू किया जाना है। इसके तहत बीएलओ मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, मृतकों के नाम हटाने व पहचान पत्र वितरण का कार्य करेंगे। (संवाद)