बलरामपुर। बढ़ती महंगाई व बकाया गन्ना मूल्य को लेकर प्रदर्शन किया गया। भारतीय किसान क्रांति यूनियन की तरफ से प्रदर्शन के बाद सोमवार को महंगाई पर अंकुश लगाने और बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने के लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिलाध्यक्ष मोहम्मद खलील शाह के नेतृत्व में सोमवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया गया। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि महंगाई ने अमीर, गरीब सभी की कमर तोड़ दी है।
डीजल, पेट्रोल सैकड़ा पार करने वाला है। गैस हजार रुपये तक पहुंचने वाला है। अनाज के दाम भी दोगुना होने वाले है। किसानों की आमदनी दो गुना करना तो दूर महंगाई दोगुना जरूर हो गई है।
बजाज चीनी मिल इटईमैदा किसानों का करोड़ों रुपये दबाए बैठी है। किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने के लिए भारतीय किसान क्रांति यूनियन आरपार की लड़ाई लड़ेगी। धरने को जिला महासचिव बच्छराज वर्मा, बेलाल पांडेय, सत्य राम यादव, अंकुश पांडेय, राधेश्याम पांडेय, रामपाल यादव, राम उजागर, शिव कुमार, श्रीचंद्र, राम विलास, भीम राजभर, संजय कुमार व मोतीलाल आदि ने संबोधित किया।