फोटो-12-बलरामपुर के गुमड़ी में बुल्डोजर चलाकर कच्ची ईंट को किया जा रहा नष्ट।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिले में अवैध तरीके से संचालित ईंट भट्ठों पर प्रशासन की नजर टेढ़ी हो गई है। डीएम के निर्देश पर खनन अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए चार भट्ठों पर बुलडोजर चलाकर करीब चार लाख कच्ची ईंटें तबाह कर दीं। इनके मालिकों से भट्ठा संचालन से संबंधित सभी कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन ने बताया कि गुरुवार को गुमड़ी ईंट भट्ठा के मालिक मो. उमर, वर्मा ब्रिक फील्ड के मालिक कुलदीप वर्मा निवासी कोल्हुई बिनोहनी, हिंद ब्रिक फील्ड अगया बुजुर्ग के मालिक मो. इमरान और पंकज ब्रिक फील्ड रामपुर बगनहा के मालिक देवी प्रसाद यादव को करीब डेढ़ माह पहले नोटिस देकर भट्ठा संचालन संबंधी कागजात मांगे गए थे। मगर इन लोगों ने कोई कागजात पेश नहीं किया। इन लोगों ने न तो रॉयल्टी जमा की और न ही इनके पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी है।
यही नहीं ये लोग कच्ची ईंटें तैयार कर भट्ठा संचालन की भी तैयारी कर रहे थे। डीएम श्रुति के निर्देश पर गुरुवार को इन सभी भट्ठों पर तैयार कच्ची ईंटों को बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया। चारों लोगों को चेतावनी दी गई है कि भट्ठा संचालन संबंधी सभी कागजात शीघ्र कार्यालय में पेश करें। ऐसा न करने पर विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।