फोटो-23-बलरामपुर में आयोजित बैठक में मौजूद लोग ।-संवाद
बलरामपुर। जिले के प्रवेश द्वार फुलवरिया बाईपास चौराहे पर महाराजा दिवंगत पाटेश्वरी प्रसाद सिंह की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर रविवार को नगर स्थित जय पैलेस सभागार में बलरामपुर विचार मंच की ओर से प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने महाराजा के शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, खेल और जनकल्याण के क्षेत्रों में योगदान को याद करते हुए उन्हें स्थायी सम्मान दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
आयोजक राजेश्वर मिश्रा ने कहा कि महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने और प्रतिमा स्थापना की मांग को मजबूत करने के लिए व्यापक जनसमर्थन अभियान चलाया जाएगा। अजय सिंह पिंकू ने कहा कि जिन व्यक्तित्वों ने जिले की पहचान और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्हें सम्मान मिलना चाहिए। अनुज सिंह ने कहा कि प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी अपने इतिहास, संस्कृति और विरासत से परिचित होगी। राजीव रंजन ने इसे जनभावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए सभी वर्गों से समर्थन की अपील की। मृगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि महाराजा का जीवन समाज सेवा और जनकल्याण का प्रेरक उदाहरण है।
बैठक में भगवती शुक्ल, राघवेंद्र प्रताप सिंह शिवाजी, प्रवीण सिंह, आद्या सिंह, जनार्दन दूबे, मुन्ना मिश्रा, राजेश सिंह, मैनुद्दीन खान समेत अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे। अंत में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना प्रताप सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।