फोटो-12-बलरामपुर के गैसड़ी में विरोध जताते क्षेत्रवासी ।-संवाद
गैसड़ी। पचपेड़वा के भाथर रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन अंडरपास को लेकर मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। व्यापारी और स्थानीय लोग रेलवे क्रॉसिंग पर जुटे और रेलवे अधिकारियों के सामने 11 फीट ऊंचे अंडरपास का विरोध करते हुए कम से कम 14 फीट ऊंचाई का अंडरपास या ओवरब्रिज बनाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने मौके पर मौजूद रेलवे के एडीईएन (नॉर्थ), गोंडा चंद्रेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। कहा कि 11 फीट ऊंचाई होने पर बड़े ट्रकों का आवागमन बंद हो जाएगा। इससे पचपेड़वा बाजार के कारोबार पर सीधा असर पड़ेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। लोगों ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अंडरपास की ऊंचाई बढ़ाने, अन्यथा ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग की। समाजसेवी हारुन रशीद खान के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में गोविंद सिंह, शमशाद आलम, गणेश, उमर फैसल, श्रीभगवान तिवारी, बबलू, मोहन शर्मा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
पूर्व विधायक शैलू समझाने पहुंचे
कुछ देर बाद पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाते हुए कहा कि पहले अंडरपास का निर्माण पूरा होने दिया जाए। इसके बाद सड़क चौड़ी कर ओवरब्रिज निर्माण का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने इस तर्क को खारिज करते हुए कहा कि अंडरपास बनने के बाद ओवरब्रिज बनाना व्यावहारिक रूप से मुश्किल होगा।
फिलहाल योजना में बदलाव नहीं
रेलवे के एडीईएन (नॉर्थ) गोंडा चंद्रेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में अंडरपास स्वीकृत परियोजना के तहत बनाया जा रहा है। यदि उत्तर प्रदेश सरकार ओवरब्रिज के लिए प्रस्ताव और बजट उपलब्ध कराती है तो रेलवे विभाग भी इसमें सहयोग करेगा। फिलहाल परियोजना में किसी बदलाव का निर्णय उच्च स्तर पर ही लिया जा सकता है।