बलरामपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिला इकाई की एक बैठक बुधवार को संस्था कार्यालय में हुई। बैठक में कोरोना वैश्विक महामारी के बढ़ते संक्रमण एवं व्यापारियों की मौत के बाद परिजनों को होने वाली समस्याओं पर चर्चा की गई। कोरोना से व्यापारियों की मौत होने पर परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने के लिए मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र भी प्रेषित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष रमेश पाहवा ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते व्यापारियों का व्यवसाय पूरी तरह चौपट हो गया है। लॉकडाउन के चलते दुकानें बंद पड़ी है जिससे व्यापारियों को काफी नुकसान हो रहा है।
ऐसे में कोरोना से व्यापारियों की मौत होने पर परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में मौजूद उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सभी सदस्यों ने व्यापारियों की मौत पर परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग उठाई। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की तरफ से मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र प्रेषित किया गया।
मांग पत्र में जीएसटी एवं मंडी शुल्क में पंजीकृत व्यापारियों की कोरोना से मौत पर परिजनों को 10 लाख, किसी भी विभाग में पंजीकृत व्यापारियों की कोरोना से मौत पर 5 लाख एवं ठेला, पटरी व फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को दो लाख आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई है।
बैठक में जिला महामंत्री विजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमरजीत सिंह, नगर अध्यक्ष संजय शर्मा, अशोक गुप्ता, सुनील कसेरा, ताराचन्द्र अग्रवाल, विनोद जैन व राजन जायसवाल सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।