बलरामपुर। जिले में गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं की समस्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। गैस गोदामों पर सुबह से लेकर शाम तक उपभोक्ताओं की लाइन देखने को मिल रही है। आकड़ों के अनुसार जिले में प्रतिदिन 14,500 गैस सिलिंडर की मांग है, जबकि आठ हजार सिलिंडर वितरण करने में ही विभाग हांफ रहा है।
शनिवार को उतरौला मार्ग स्थित धर्मपुर गैस गोदाम पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ दिखी। 500 मीटर तक उपभोक्ताओं की लाइन लगी हुई थी। उपभोक्ता बरकत, श्यामलाल व पवन ने बताया कि सुबह 9:30 बजे से लाइन में लग गए हैं, 12 बजने वाला है अभी सिलिंडर नहीं मिला है। इसी तरह उतरौला नगर स्थित गैस एजेंसी पर बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ दिखी। उपभोक्ता शनि, करन व रमेश्वर ने बताया कि मोबाइल से बुकिंग नहीं हो पा रही है, इसलिए एजेंसी पर आए हैं। लाइन में खड़ी खातूना व खुशबुन्निशा ने बताया कि उनका रोज चल रहा है। सुबह 10 बजे सिलिंडर के लिए लाइन में लगी हैं, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया है।
वहीं छोटे सिलिंडर भी उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहे हैं। जिले में सिर्फ इंडेन कंपनी ही छोटे सिलिंडर वितरित कर ही है। भारत गैस व हिंदुस्तान कंपनी छोटे सिलिंडर नहीं दे रही हैं।
एक फोन पर मिल रहे तीन से चार सिलिंडर
फोटो - 25
एक तरफ जहां उपभोक्ता सुबह से शाम लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहते हैं। वहीं माननीय व अधिकारियों के एक फोन पर ही परिचितों को तीन से चार सिलिंडर आसानी से मिल जाता है। ई रिक्शा पर एक व्यक्ति तीन सिलिंडर ले जाता दिखा। इस बात को लेकर गैस गोदाम पर उपभोक्ता विरोध करते भी दिखे।
बुकिंग व ट्रकों की आवाजाही की हो रही निगरानी
जिला प्रशासन की तरफ से प्रतिदिन गैस सिलिंडर की बुकिंग, बैकलॉग और ट्रकों की आवाजाही की नियमित निगरानी की जा रही है। सिलिंडर आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिलाधिकारी खुद निगरानी कर रहे हैं। डीएम विपिन कुमार जैन ने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पर संबंधित एजेंसी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ओटीपी के आधार पर मिल रहा सिलिंडर
बुकिंग के बाद जारी होने वाली पर्ची व मोबाइल पर आने वाली ओटीपी के आधार पर उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है। बुकिंग के आधार पर सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है।
- सूरज शुक्ल, नोडल एलपीजी गैस बलरामपुर