फोटो-2-बलरामपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु ।-संवाद
तुलसीपुर। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में दीपावली का पर्व भव्य रूप से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष दीपावली पर मंदिर परिसर 11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। सोमवार को मां पाटेश्वरी के दर्शन के लिए सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि दीपावली पर मंदिर में भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पूरे परिसर को 11 हजार दीपों से सजाया जाएगा। परंपरा के अनुसार मां पाटेश्वरी सहित अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना भी की जाएगी।
मंदिर की व्यवस्था देख रहे अरुण गुप्ता ने बताया कि दीपावली के दिन आसपास के क्षेत्रों से आने वाले हजारों बच्चों को पीठाधीश्वर अपने हाथों से मिठाइयां और आतिशबाजी वितरित करेंगे। क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं के साथ मिलकर दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु अमित सोनी और रागिनी सोनी ने कहा कि मां पाटेश्वरी के दर्शन से उन्हें आत्मिक शांति की अनुभूति हुई। मंदिर में दीपोत्सव की तैयारियों को देखकर वे काफी उत्साहित हैं।
वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक प्रबंध किए हैं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।