हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बरदौलिया चौधरीडीह मार्ग पर मंगलवार को छुट्टा जानवर से बाइक सवार टकरा गया। घटना स्थल पर ही बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक पर बैठे दंपति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी शिवपुरा के डॉक्टर ने घायल दंपति को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
हरैया थाना क्षेत्र के बरदौलिया चौधरीडीह मार्ग पर भुलभुलिया निवासी तुलसीराम (40) बाइक से रमेश (40) व उनकी पत्नी आरती (38) के साथ जा रहे थे। तभी अचानक सामने छुट्टा जानवर आने से बाइक लेकर तुलसीराम टकरा गए। घटना स्थल पर ही तुलसीराम की मौत हो गई। रमेश व उनकी पत्नी आरती भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पति पत्नी को इलाज के लिए सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते पति पत्नी को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक हरैया थाना राजितराम ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।