फोटो - बलरामपुर के तुलसीपुर क्षेत्र के एक ट्रांसफार्मर में फंसा सांप। संवाद
तुलसीपुर। स्टेशन रोड स्थित एसडीओ कार्यालय के बगल में झाड़ियों के बीच रखे ट्रांसफार्मर पर सोमवार को विशालकाय कोबरा मृत अवस्था में लटका मिला। सांप को देखकर बिजली कर्मियों में अफरातफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लाइनमैन दयाराम ने बताया कि स्टेशन रोड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर टीम ट्रांसफार्मर की जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान ट्रांसफार्मर पर बड़ा कोबरा दिखाई दिया। पहले कर्मचारियों को लगा कि सांप जीवित है, लेकिन करीब से देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। एसडीओ अश्वनी कुमार पांडे ने बताया कि हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से कोबरा की मौत हुई। कर्मचारियों ने लाइन की खराबी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। ट्रांसफार्मरों के आसपास उगी झाड़ियों को साफ कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से उपभोक्ता बेहाल
ललिया। क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से आमजन के साथ लघु उद्योगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोकल फॉल्ट के नाम पर रोजाना छह से आठ घंटे बिजली बाधित रहने से आटा चक्की, वेल्डिंग और फर्नीचर समेत अन्य बिजली आधारित छोटे उद्योग प्रभावित हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों सुशील कुमार, राहुल, राजेंद्र, देवी मिश्रा, दिलीप कुमार और राजू ने बताया कि बिजली कटौती से उत्पादन प्रभावित होने के साथ ग्राहकों को समय पर सामान उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है। शाम और रात में लो-वोल्टेज के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।