बलरामपुर। थाना क्षेत्र के अहरौला गांव निवासी 28 वर्षीय सुभाष का शव शनिवार को गांव के पास नहर में मिला है। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला है। पुलिस का मानना है कि नहर में डूबने से युवक की मौत हुई है।
शुक्रवार शाम को सुभाष घर से शौच के लिए निकले थे। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। गांव सहित आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की गई। लेकिन पता नहीं चला। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने दोबारा से खोज शुरू की। ग्रामीणों ने गांव के पास नहर में सुभाष का शव उतराता हुआ देखकर परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। लेकिन परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं है। प्रथम दृष्टया नहर में डूबने से मौत होने का मामला लग रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सुभाष के दो बच्चे हैं। पिता कुट्टुर ने बताया कि मृतक के पांच वर्ष की बेटी राधा व दो वर्ष का बेटा विक्की है। सुभाष की मौत की खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।