बलरामपुर। सुबह करीब 11 बजे का वक्त, कोतवाली देहात में थाना समाधान दिवस में एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव जनसमस्याओं की सुनवाई कर रही थी, तभी सिरसिया निवासी सुदामा प्रसाद प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे, कहा कि मैडम घर के बगल की जमीन पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। जब मना किया जाता है तो धमकाते हैं। बहुत परेशान हूं। मदद करके न्याय दिला दीजिए। इस पर एएसपी ने कानूनगो को बुलाया, कहा कि टीम बनाकर मौके पर भेजिए, 24 घंटे में मामले का निस्तारण करके रिपोर्ट दीजिए। अवैध कब्जा हो रहा हो तो विधिक कार्रवाई भी करें।
कलवारी गांव के मोहम्मद सलीम का कहना था कि वह पटरा-बल्ली का दुकानदार है। लोगों को घर बनाने के लिए किराया पर देता है। कहाकि कुछ लोग बल्ली पटरी किराए पर ले गए, लेकिन किराया नहीं दे रहे हैं। इस पर एएसपी ने कोतवाली पुलिस को शिकायत का निस्तारण करने को कहा। इसके साथ ही एएसपी ने पुरानी शिकायतों के निस्तारण का भी फीडबैक लिया। एएसपी योगेश कुमार व सीओ ज्योतिश्री ने ललिया थाना में पीड़ितों की शिकायतें सुनी। थानों में भूमि से संबंधित मामले आए, जिनका निस्तारण कराने के लिए पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम को निर्देश दिया गया।
गलत रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई
उतरौला। डीएम पवन अग्रवाल व एसपी विकास कुमार ने उतरौला कोतवाली में आम जनमानस की शिकायतें सुनी। भूमि से जुड़े विवादों का पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर निस्तारण कराने का निर्देश डीएम ने दिया। कहा कि गलत रिपाेर्ट देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।