बलरामपुर। सहकारी समितियों के आगामी निर्वाचन को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले की 192 सहकारी समितियों के 1,46,223 सदस्यों का डाटा निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर फीड किया जा रहा है। समितियों के सदस्यों से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज होने के बाद इसी डाटा के आधार पर मतदाता सूची तैयार की जाएगी। चुनाव में मतदान के लिए पात्र सदस्यों की पहचान भी पोर्टल पर दर्ज सूचना के आधार पर होगी।
एआर सहकारिता अजय मौर्या ने बताया कि समितिवार सदस्यों का डाटा फीड कराया जा रहा है। सदस्यता संबंधी अभिलेखों का मिलान करते हुए जानकारी दर्ज की जा रही है, ताकि मतदाता सूची तैयार करते समय किसी पात्र सदस्य का नाम छूटने या विवरण में त्रुटि की संभावना कम हो। अनंतिम सूची जारी होने के बाद सदस्यों को अपने नाम और विवरण की जांच का अवसर मिलेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अक्टूबर को अनंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन किया जाएगा। 27 अक्टूबर को सूची पर आपत्तियां ली जाएंगी और 28 अक्टूबर को उनका निस्तारण कर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 29 अक्टूबर को नामांकन, 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और दो नवंबर को नाम वापसी व अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर चार नवंबर को मतदान कराया जाएगा। सहकारी समितियों के निर्वाचन में मतदाता सूची महत्वपूर्ण होगी। अंतिम सूची में शामिल पात्र सदस्यों के आधार पर ही चुनाव की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।