बलरामपुर। पंचायत चुनाव के लिए जिले में सभी विभागों के 12,512 कर्मचारियों का डाटा फीड कराया जा चुका है। जिले के सभी विभागों ने पंच स्थानीय कार्यालय में कर्मचारियों का ब्योरा उपलब्ध करा दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम श्रुति ने जिले के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने का निर्देश दिया है। पंचायत चुनाव 2021 का शंखनाद होने के बाद प्रभारी अधिकारी कार्मिक/सीडीओ अमनदीप डुली की निगरानी में कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय राजेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने के लिए सभी विभागों से अधिकारियों व कर्मचारियों का ब्योरा कार्यालय में उपलब्ध हो चुका है। अधिकारियों व कर्मचारियों का डाटा विवरणवार फीड करा दिया गया है। अधिकारियों व कर्मचारियों को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार पीठासीन सहित प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान कार्मिकों के रुप में ड्यूटी लगाई जाएगी।
निर्वाचन आयोग की तरफ से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा किए जाने के बाद प्रभारी अधिकारी कार्मिक के निगरानी में अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी दी जाएगी। जिले में ग्राम प्रधान की 800, ग्राम पंचायत सदस्य की 10,038, क्षेत्र पंचायत की 993 और जिला पंचायत सदस्य की 40 सीटों पर सभी मतदान कार्मिकों को वोटिंग कराना होगा। जिले के नौ ब्लॉकों में 16,78,774 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिले में कुल 934 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनसे जुड़े 2524 मतदेय स्थलों को वोटिंग कराने के लिए तैयार किया जा रहा है। सदर ब्लॉक की 116 ग्राम पंचायतों के 382 मतदेय स्थलों पर 2,56,933 मतदाता, हरैया सतघरवा ब्लॉक की 110 ग्राम पंचायतों में 2,18,084 मतदाता वोट डालेंगे। इसी प्रकार तुलसीपुर ब्लॉक की 100 ग्राम पंचायतों में 2,09,367, गैसड़ी ब्लॉक की 115 ग्राम पंचायतों में 2,02,056, पचपेड़वा ब्लॉक की 101 ग्राम पंचायतों में 1,80,929 मतदाता अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। उतरौला ब्लॉक की 65 ग्राम पंचायतों में 1,38,972, गेड़ास बुजुर्ग ब्लॉक की 42 ग्राम पंचायतों में 1,30,186, श्रीदत्तंगज ब्लॉक की 70 ग्राम पंचायतों में 1,48,644 और रेहरा बाजार की 81 ग्राम पंचायतों में 1,93,603 मतदाताओं को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वोट डालने का मौका मिलेगा।