बलरामपुर। रबी फसलों की बोआई के बीच सहकारी समितियों पर डीएपी खाद की कमी ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। गेहूं और अन्य फसलों की बोआई के लिए किसान खाद लेने समितियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं समिति पर ताला लटका है तो कहीं डीएपी का स्टॉक ही नहीं है। हरैया सतघरवा, गैसड़ी और पचपेड़वा क्षेत्र की कई समितियों पर डीएपी न मिलने से किसान निजी दुकानों का रुख करने को मजबूर हैं। किसानों को चिंता है कि समय से खाद नहीं मिली तो बोआई प्रभावित हो सकती है।
हरैया सतघरवा क्षेत्र की बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) शिवपुरा पर ताला लटका मिला। खाद लेने पहुंचे राजित राम, रामधीरज, रामछबीले, काली प्रसाद और बाबूराम ने बताया कि कई दिनों से समिति पर डीएपी नहीं मिल रही है। इसी तरह सोनपुर, कोहड़ौरा, सरकहवा और लालपुर बिशुनपुर समितियों पर भी डीएपी उपलब्ध नहीं है। किसानों का कहना है कि बोआई का समय निकल रहा है, लेकिन खाद के लिए एक समिति से दूसरी समिति तक दौड़ लगानी पड़ रही है।
पचपेड़वा और गैसड़ी क्षेत्र की समितियों पर भी डीएपी का संकट बना हुआ है। बी-पैक्स पचपेड़वा में डीएपी उपलब्ध नहीं है, जबकि एनपीके की 100 बोरी और यूरिया की 750 बोरी का स्टॉक बताया गया। समिति के सचिव धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खाद का वितरण आवंटन और विभाग से मिलने वाले मैसेज के आधार पर किया जाता है। गैसड़ी सहकारी समिति पर भी डीएपी नहीं है। यहां यूरिया की 700 बोरी उपलब्ध है।
सचिव धीरेंद्र कुमार सिंह ने इसकी जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी सहकारिता जनार्दन यादव ने बताया कि समितियों पर यूरिया उपलब्ध है। जिन समितियों पर डीएपी नहीं है, वहां एक-दो दिन में खाद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।