श्रीदत्तगंज (बलरामपुर)। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बजाज चीनी मिल इटईमैदा उतरौला में सोमवार को नए पेराई सत्र का शुभारंभ हो गया। पेराई सत्र के अंत तक मिल प्रबंधन को 65 हजार किसानों से 65 लाख क्विंटल गन्ना खरीदने की चुनौती है।
पेराई सत्र का शुभारंभ करते हुए यूनिट हेड एके गुप्ता, महाप्रबंधक गन्ना पीएस चतुर्वेदी, उदासीन संगत गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महराज व वरिष्ठ अधिवक्ता शत्रुजीत सिंह ने गन्ना तौल केंद्र पर बैलगाड़ी का पूजन कराया और इसी समय ट्रक का पूजन कराकर पेराई सत्र की शुरुआत कराई गई।
महाप्रबंधक ने बताया कि वर्ष 2020-21 में क्षेत्र के 45 हजार किसानों से 65 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा जाएगा। क्षेत्र के सभी तौल केंद्रों को शुरू करा दिया गया है। प्रबंधक ने सभी किसानों से साफ-सुथरा गन्ना तौल केंद्रों पर लाने की अपील की गई है।
किसानों के मोबाइल नंबर पर पर्चियों का मेसेज भेजा जा रहा है। इंडेंट के अनुसार पर्ची निर्गत कर किसानों से गन्ने की खरीद की जा रही है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनवर महमूद खान, केन मैनेजर विजय पांडेय, डीसीसी चंद्र प्रकाश पांडेय, डब्बू मिश्र, बब्बू सिंह, अशोक मिश्र, केपी सिंह व रामायण पांडेय सहित क्षेत्र के तमाम गन्ना किसान मौजूद रहे।