बलरामपुर। बलरामपुर प्रीमियर लीग के सीजन-13 में मंगलवार को क्रिकेट के दो मैच हुए। पहले मुकाबले में सीआरपीएफ गाजीपुर ने इटियाथोक को पांच विकेट से हराया। दूसरे मैच में कामाक्षी बाराबंकी की टीम समय से न पहुंचने पर मेजबान वारिस बलरामपुर की टीम को वॉकओवर दे दिया गया।
पहले मैच में गाजीपुर ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी केबीएफ इटियाथोक की शुरूआत अच्छी नहीं रही। लगातार विकेट गंवाने के कारण पूरी टीम 14.5 ओवर में 110 रनों पर ऑलआउट हो गई। 111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
अच्छी शुरूआत के दम पर गाजीपुर की टीम ने 14.3 ओवर में पांच विकेट खोकर मैच जीत लिया। इसी के साथ गाजीपुर टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। 22 गेंद पर 52 रन बनाकर जीत दिलाने वाले गाजीपुर के मनीष मैन ऑफ द मैच चुने गए।
आयोजक महताब जमील ने बताया कि 2021 के फाइनल में इटियाथोक ने गाजीपुर को हराया था। मंगलवार गाजीपुर ने इटियाथोक को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
मंगलवार को दूसरा मैच कामाक्षी बाराबंकी व मेजबान वारसी इलेवन बलरामपुर के बीच होना था। मगर बाराबंकी की टीम निर्धारित समय तक नहीं पहुंची। आयोजन समिति के सदस्य सलीम खान व चांद ने बताया कि दूसरी टीम के नहीं आने पर वारिस इलेवन बलरामपुर को वॉकओवर दे दिया गया है।
उन्होंने बताया कि बाराबंकी के कप्तान मनीष सिंह समेत पूरी टीम को अगले तीन साल के लिए टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मुख्य अतिथि इसरार अंसारी, समीर रिजवी व शकील खान ने मनीष को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।