फोटो-6-बलरामपुर के हनुमानगढ़ी तुलसीपुर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु ।-संवाद
तुलसीपुर। प्रसिद्ध संकट मोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में मंगलवार को भव्य सुंदरकांड पाठ श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के दर्शन किए और संगीतमय सुंदरकांड का श्रवण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गूंजता रहा।
मंदिर का 108 फीट ऊंचा हनुमत स्तंभ श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने स्तंभ के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के सचिव दिलीप गुप्ता ने बताया कि मंगलवार हनुमान उपासना के लिए विशेष दिन है। इसी के मद्देनजर मंदिर समिति की ओर से समय-समय पर धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। सुंदरकांड पाठ के बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर के पुजारी भानु प्रसाद पांडेय और पुजारी शुभम ने कहा कि सुंदरकांड का पाठ जीवन के संकटों को दूर करने के साथ मानसिक शांति प्रदान करता है। श्रद्धालु रागिनी और सरिता ने बताया कि 108 फीट ऊंचे हनुमत स्तंभ के दर्शन और संगीतमय सुंदरकांड पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। धार्मिक आयोजन से पूरे तुलसीपुर नगर का माहौल राममय हो गया और श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।