हरैया सतघरवा। क्षेत्र के खैरमान जलाशय से निकलने वाली सिकंदरबोझी नहर टूट जाने से करीब एक हजार किसानों की गेहूं फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। रविवार को ग्राम प्रधान गनवरिया लक्ष्मनपुर संजय सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
ग्राम प्रधान ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले सिंचाई विभाग द्वारा नहर का पक्का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल और मानक की अनदेखी के कारण नहर एक साल के भीतर ही कटकर बह गई। इससे नहर की संरचना पूरी तरह प्रभावित हो गई और किसानों की फसलें संकट में हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान ठेकेदार द्वारा सरकारी धन का दुरुपयोग और घोर लापरवाही बरती गई, जिससे किसानों की मेहनत बेकार हो रही है।
प्रदर्शन में शामिल किसानों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि नहर की मरम्मत के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्य में दोषियों के खिलाफ जांच कराई जाए। कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रणव पांडेय, कृष्णा देवी, सुशीला देवी, विवेक पांडेय, बड़कऊ, नंदराम, सावित्री देवी, मायावती, पाटेश्वरी, प्रभु दयाल, बुधना, सुखना, कामिनी देवी, सनी देवी, राधा, संगीता, खुशबू, सुखदेव, गीता, रुक्मणी, चंपा व सुमन आदि मौजूद रहे।