उतरौला-बलरामपुर। कांग्रेस पार्टी की केंद्र में सरकार बनी तो गरीबों को छह हजार रुपये प्रतिमाह अडानी व अंबानी से लेकर दिया जाएगा। कांग्रेस ही देश की एकता व अखंडता को मजबूत कर सकती है। भाजपा देश के हिंदु व मुसलमानों को बांटने का काम कर रही है।
ये बातें मंगलवार को उतरौला के बरदही बाजार में गोंडा लोकसभा प्रत्याशी कृष्णा पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहीं। उन्होंने कहा कि लोग कहते है कि कांग्रेस गरीबों को छह हजार प्रतिमाह कहां से देगी तो मैं बता दूं कि यदि पैसा कम पड़ा तो अडानी व अंबानी से पैसा लेकर गरीबों को दिया जाएगा। भाजपा सैनिकों की शहादत पर राजनीति कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने खुद भी देश के लिए शहादत दी है लेकिन इसे कभी भुनाने का काम नहीं किया।
देश के चुनाव हिंदू व मुसलमान के मुद्दे पर नहीं बल्कि एकता व अखंडता के मुद्दे पर लड़ा जाना चाहिए। भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है। कांग्रेस कभी झूठे वायदे नहीं करती। उन्होंने लोगों से पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट व सपोर्ट की अपील की। किसानों का सम्मान निधि के नाम पर उपहास किया गया है। सबका साथ-सबका विकास धरातल पर नहीं दिखाई पड़ा। जनसभा को अपना दल की अध्यक्ष पल्लवी पटेल तथा प्रत्याशी कृष्णा पटेल ने भी संबोधित कर भाजपा सपा व बसपा पर जमकर प्रहार किया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज सिंह, रामसूरत यादव, मारकंडेय मिश्र, विजय कृष्णा पांडेय तथा राकेश त्रिपाठी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।