युवक की हत्या कर प्लॉट में फेंका शव
बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पहलवारा निवासी 22 वर्षीय युवक की गला काटकर हत्या कर दी गई है। युवक का शव देहात थाना क्षेत्र के ग्राम खमौवा के निकट एक प्लाट में फेंक दिया गया था। मृतक के दोनों हाथ पीछे बंधे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की छानबीन की जा रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पहलवारा निवासी विशाल सैनी (22) पुत्र राम बदल सैनी का शव शनिवार को ग्रामीणों ने देखा। विशाल का शव देहात थाना क्षेत्र के ग्राम खमौवा के निकट एक प्लाट में पड़ा हुआ था।
मृतक के दोनों हाथ पीछे बंधे थे तथा उसका गला काट दिया गया था। देहात थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मृतक के पिता रिटायर्ड राजस्व कर्मी हैं। शव मिलने की सूचना के बाद मृतक के मां-बाप व भाई मौके पर तो पहुंचे लेकिन घटना के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक बेरोजगार था और जीवनयापन के लिए उसके पास कोई साधन भी नहीं था। यह भी पता चला है कि उसकी आदत व संगत भी ठीक नहीं थी। मां-बाप के मुताबिक मृतक अलग किराए का कमरा लेकर रहता था।
शनिवार भोर में करीब चार बजे मृतक अपने मां-बाप से यह कहकर निकला कि वह कमरे पर सोने जा रहा है। करीब सात बजे सूचना मिली कि उसकी खमौवा गांव के पास हत्या कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर फोरेसिंक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा और हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे।