तालाब में उतराता मिला युवक का शव
गौरा चौराहा-बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में 6 दिसंबर की शाम लापता हुए युवक का शव पांच दिन बाद सोमवार को तालाब में उतराता हुआ मिला है। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही सात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
ग्राम देवलहा निवासी बुद्घिमान सिंह उर्फ सोनू सिंह (25) छह दिसंबर को घर से आधारकार्ड बनवाने बाइक से बाजार गया था। शाम के समय घर लौटते समय सोनू अचानक गायब हो गए। सात दिसंबर की सुबह शेखापुर गांव के पास तालाब किनारे सोनू की बाइक, चप्पल व पर्स आदि तो मिला लेकिन शव का कोई पता नहीं चला।
पुलिस ने उनके पिता जर्नादन सिंह की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की थी। पांच दिन बाद सोमवार को सोनू का शव शेखापुर गांव के निकट तालाब में उतराता हुआ मिला है। मृतक के परिवारीजनों ने गांव के ही सात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही डब्लू सिंह, राकेश सिंह, वकील सिंह, बदलू सिंह, साधू सिंह, बजरंग सिंह व राम गोपाल सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सात आरोपियों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने का केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।