आग की लपटों में 11 घरों का सामान जलकर राख
बलरामपुर। जरवा कोतवाली के जनकपुर ग्राम पंचायत के मजरा बसंतपुर में रविवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटों में 11 घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है।
जरवा कोतवाली क्षेत्र के बसंतपुर निवासी गुलाम वारिस ने बताया कि लोग आग जलाकर ताप रहे थे। उसके बाद आग बुझाकर काम पर चले गए। अचानक आग लग गई। घटना में गुलाम वारिस की दो बकरी व घर में रखा सारा सामान जल गया।
आग ने मैनुद्दीन, साधू, रमेश कुमार, बाबूराम, राम समुझ, संत गुलाम, घनश्याम, राम किशुन, संजय कुमार व मोहम्मद आरिफ सहित 11 घरों को अपने आगोश में ले लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ितों के घर में रखा सारा गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया। जरवा कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की। हल्का लेखपाल सहजराम तिवारी ने क्षति का आंकलन करके रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। शीघ्र ही सभी पीड़ितों का सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।