बाबा रामदेव का फोटो लगा बांट रहे नौकरी
देवीपाटन-बलरामपुर। स्थानीय नगर की दीवारों पर पतंजलि में बम्पर भर्ती का पोस्टर चिपका कर बेरोजगारों को बरगलाया जा रहा है। पोस्टर में बाबा रामदेव की फोटो भी लगी है। पोस्टर में लिखे फोन नंबरों पर यह बताया जा रहा है कि 1250 रुपये में पंजीकरण किया जाएगा।
इस संबंध में जब पतंजलि योगपीठ के स्थानीय व प्रदेश प्रभारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला फर्जी है। वह लोग इस संबंध में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराएंगे।
तुलसीपुर नगर में जगह-जगह बाबा रामदेव की फोटो लगा पतंजलि लिमिटेड कंपनी का पोस्टर चिपकाया गया है। इस पोस्टर में पांचवी पास से स्नातक डिग्री वाले बेरोजगारों को नौकरी देने की बात कही गई है। वेतन 9500 और 18500 रुपये तथा रहना, खाना, बीमा व मेडिकल की सुविधा दिए जाने की बात कही गई है।
अमर उजाला टीम ने जब यह पोस्टर पर लिखे नंबर पर बात की तो बताया गया कि इस कंपनी का कार्यालय गोरखनाथ मंदिर के निकट गोरखपुर में है। देवीपाटन मंडल के चार जिलों में सुपरवाइजर का पद खाली है।
वेतन 14500 रुपये मिलेगा। शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, तीन फोटो लेकर आना होगा। इंटरव्यू के बाद 1250 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराना होगा। उसके बाद ट्रेनिंग देकर तैनाती कर दी जाएगी। इस संबंध में पतंजलि योगपीठ एवं न्यास समिति बलरामपुर के प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि यह भर्ती तथा पोस्टर फर्जी है।
बेरोजगार ऐसे भ्रामक प्रचार से सावधान रहे। इस संबंध में धोखाधड़ी का केस भी दर्ज कराया जाएगा। पतंजलि पीठ के प्रदेश प्रभारी सुधांशु ने बताया कि हमारी वैकेंसी केवल आस्था चैनल में निकलती है। तुलसीपुर नगर में चिपकाए गए पोस्टर भ्रामक व फर्जी है। फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।