बलरामपुर। जमीन के फर्जी बैनामे के मामले में उतरौला पुलिस ने आरोपी दंपती को नई दिल्ली के वजीराबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला के आधार कार्ड में हेरफेर कर दूसरे नाम से बैंक खाता खुलवाया और इसके बाद जमीन का कूटरचित बैनामा कराया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के किरतापुर अहिरन गांव निवासी कौशल कुमार और उसकी पत्नी धर्मावती देवी के रूप में हुई है।
सीओ उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि गोंडा के मनकापुर थाना क्षेत्र के भिटौरा निवासी मोहम्मद इसरार की तहरीर पर 21 अगस्त 2026 को कोतवाली उतरौला में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि धर्मावती देवी के मूल आधार कार्ड में हेरफेर कर उसे कंचन मौर्या पत्नी ननकऊ, निवासी रामपुर ग्रिंट, सादुल्लानगर के नाम से तैयार किया गया था।
आरोप है कि धर्मावती के नाम दर्ज ग्राम सलेमपुर, तहसील उतरौला स्थित गाटा संख्या 825 की 0.32 हेक्टेयर जमीन से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए गए। इसके बाद कंचन मौर्या बनकर 22 मार्च 2022 को उक्त जमीन का वादी के नाम बैनामा कर दिया गया। मामले में पुलिस ने धर्मावती देवी, उसके पति कौशल कुमार, कमालुद्दीन और सहाबुद्दीन के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। सीओ ने बताया कि सर्विलांस सेल से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम नई दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से कौशल कुमार और धर्मावती देवी को गिरफ्तार किया गया।