बलरामपुर। जिले भर में शनिवार को कोरोना टीकाकरण जागरुकता अभियान चलाया गया। नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान की धूम रही। डीएम श्रुति के निर्देश पर तीनों तहसीलों के एसडीएम और सभी 9 ब्लॉकों के बीडीओ, 10 शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ व चारों नगर निकायों के ईओ ने अभियान में शामिल होकर लोगों से कोरोना टीकाकरण कराने की अपील की।
उतरौला तहसील में एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव के नेतृत्व में कोरोना टीकाकरण जागरुकता अभियान निकाला गया। अभियान में शामिल उतरौला ब्लॉक के सीएचसी अधीक्षक, बीडीओ, बीईओ, पूर्ति निरीक्षक आदि ने कोरोना टीकाकरण केंद्र मिल्लौली, बाघाजोत, मोहनजोत व लालानगर तक भ्रमण कर लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमण के खिलाफ जंग में टीकाकरण सबसे प्रमुख हथियार है।
कोरोना का टीका पूरी तरीके से सुरक्षित है। वैक्सीन के बारे में अफवाह व दुष्प्रचार के छलावे में न आए। तुलसीपुर एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने ग्राम पंचायत ओड़ाझार में ग्रामीणों को कोरोना टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।
नगर पालिका परिषद बलरामपुर, उतरौला, नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा में भी जागरुकता अभियान चलाया गया। जिले के सभी 9 ब्लॉकों के बीडीओ, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिवों व ग्राम प्रधानों ने मिलकर गांवों में जागरुकता अभियान चलाया और लोगों से कोरोना महामारी का टीका लगवाने की अपील की।