बलरामपुर। कोरोना टीकाकरण में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को कोरोना के टीके लगाए जाएं। यह बातें उतरौला एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव ने शनिवार को तहसील सभागार में कोरोना टीकाकरण के लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति, राजस्व कार्यों व विधानसभा निर्वाचन सूची तैयार कराने के संबंध में समीक्षा करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर कोरोना महामारी को हराना होगा। इसके लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण होना अनिवार्य है। सभी लोगों को टीके की अहमियत के बारे में समझा-बुझाकर टीकाकरण कराएं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को यदि कहीं भी समस्या आए तो वह तत्काल सूचना दें। मौके पर अन्य विभाग के अधिकारियों को भेजकर लोगों को समझाया बुझाया जाएगा और कोरोना महामारी का टीकाकरण कराया जाएगा।
राजस्व कार्यों में हीलाहवाली पाए जाने पर एसडीएम ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। विधानसभा निर्वाचन सूची तैयार कराने के लिए सभी बीएलओ को जुटने का निर्देश दिया। राजस्व निरीक्षकों, लेखपाल व अमीनों को राजस्व कार्यों का समय से निस्तारित कराने का निर्देश दिया।
पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वच्छ पेयजल योजना, वरासत, पेंशन के लंबित मामलों, आईजीआरएस प्रकरणों, हाईकोर्ट में विचाराधीन वादों में शपथ पत्र दाखिल करने, विधानसभा मतदाता में फार्म-6, 7, 8 भराने, बीएलओ के मोबाइल नंबर विभिन्न न्यायालयों में लंबित आख्या प्रेषण, जाति, आय, निवास प्रमाण पत्रों, पारिवारिक पेंशन व शादी अनुदान योजना आदि का सत्यापन के प्रगति की समीक्षा की।
संबंधित को एक सप्ताह में सभी लंबित मामलों का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। लेखपालों को बाढ़ राहत केंद्रों पर सतर्क रहने के साथ-साथ बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में बचाव के बारे में प्रशिक्षण भी दिया गया।