बलरामपुर। जिला मेमोरियल चिकित्सालय स्थित लेवल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कोरोना मरीज की हालत रविवार को काफी बिगड़ गई। इस पर मरीज को लेवल 2 हॉस्पिटल बहराइच में शिफ्ट किया गया है। लेवल 1 हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज को स्वस्थ होने पर घर भेजा गया है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 11 हैं।
डिप्टी सीएमओ डॉ. एके सिंघल ने रविवार को बताया कि शनिवार देर रात सादुल्लाहनगर क्षेत्र के कोरोना पॉजिटिव युवक को जिला मेेमोरियल चिकित्सालय के लेवल 1 हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। रविवार को उसकी हालत काफी बिगड़ गई। युवक को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इस पर तत्काल उसे बहराइच स्थित लेवल 2 हॉस्पिटल में शिफ्ट कराया गया है।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि लेवल 1 हॉस्पिटल में भर्ती एक अन्य व्यक्ति की दूसरी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव मिली है। ऐसे में स्वस्थ होने पर राशन व सुरक्षा किट देकर उसे घर भेज दिया गया है। उसे 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया गया है। जिले में कोरोना के पॉजिटिव केस की संख्या 48 हो गई है, जिसमें से 36 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 11 है।