बलरामपुर। करीब चार माह बाद बलरामपुर जिला एक बार फिर कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गया है। बुधवार को जिले में कोरोना का कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है। अब तक पाए गए सभी कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके है। जिले में कोरोना का एक्टिव केस शून्य हो चुका है।
एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि कोरोना की पहली लहर में जिले के अंदर 22 अप्रैल 2020 को पहला कोविड संक्रमित पचपेड़वा में पाया गया था। अक्तूबर 2020 तक सभी मरीज स्वस्थ हो गए थे। कोरोना की दूसरी लहर में 13 मार्च को एक बार फिर जिले में कोविड पॉजिटिव केस पाया गया।
दूसरी लहर में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी और स्थिति काफी बिगड़ गई। कोरोना के दोनों चरण में जिले के अंदर कुल 7482 लोग संक्रमित हुए, इनमें से 7344 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना के पहले चरण में जहां 36 लोगों की मौत हुई, वहीं दूसरे चरण में 102 लोगों ने जान गंवाई। (संवाद)