बलरामपुर। त्योहारों व पंचायत चुनाव के चलते कोरोना का संक्रमण अब गांवों में भी रफ्तार पकड़ चुका है। जिले के कई गांव में कोरोना संक्रमण की स्थिति भयावह हो चुकी है। कुछ गांवों में प्रतिदिन कोरोना पॉजिटिव केस निकल रहे हैं।
गैसड़ी ब्लॉक के जहदरिया गांव में 10 से अधिक कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। तमाम लोग सर्दी जुकाम व बुखार से पीड़ित हैं लेकिन जांच न कराने के कारण कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हो पा रही है। प्रशासन ने गांव को सील कर दिया है।
ग्राम जहदरिया निवासी साबिर खान ने बताया कि गांव में 10 से अधिक लोग कोरोना संक्रमण से जूझ रहे हैं। गांव के अन्य लोगों में भी कोरोना के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। सर्दी-जुकाम व बुखार से तमाम लोग पीड़ित हैं।
स्थानीय स्तर पर ही लोग दवा लेकर घर में क्वारंटीन हैं। कोरोना को लेकर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामवासी साकिर अली ने बताया कि आस-पास के गांवों में भी लोग काफी संख्या में बीमार हैं।
कोरोना की चपेट में आकर कुछ लोगों की मौत भी हो चुकी है इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। गांव में बैरीकेडिंग होने के बावजूद लोग बाहर निकलकर घूम रहे हैं। प्रशासन की तरफ से गांव में बैरीकेडिंग तो कराई गई है लेकिन कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने के लिए कड़ाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि कोरोना मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दवा की किट दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का भ्रमण कर लोगों को जागरूक भी किया है। प्रशासन की तरफ से लोगों को घरों में रहने की हिदायद दी गई है।