श्बलरामपुर। आउट सोर्सिंग के माध्यम से बिजली विभाग के संविदा कर्मी अब शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे। कर्मियों ने बैठक कर हर स्तर पर शोषण का विरोध करने का निर्णय लिया है। कर्मियों का आरोप है कि आउट सोर्सिंग के नाम कंपनी शोषण कर रही है।
रविवार को नगर स्थित झारखंडी मंदिर में आयोजित उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ की बैठक को संबोधित करते हुए मध्यांचल अध्यक्ष अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अवनि परिधि कंपनी द्वारा आउट सोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त किए जा रहे संविदा बिजली कर्मियों को सादे स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करने के लिए बाध्य किया जा रहा है। संविदा कर्मी किसी भी सादे स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे।
कर्मियों ने समस्याओं से संबंधित मांग पत्र अधीक्षण अभियंता ललित कुमार को सौंपा। इस अवसर पर संघ के मंडल अध्यक्ष तरुण कुमार मिश्र, महामंत्री अतुल सिंह, जिलाध्यक्ष सौरभ श्रीवास्तव, महामंत्री शिव कुमार पांडेय और गोंडा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव समेत तमाम संविदाकर्मी मौजूद रहे।