उतरौला (बलरामपुर)। स्थानीय शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय इमिलिया बकसरिया व रामपुर के स्कूल भवन का निर्माण कार्य पांच साल से लटका हुआ है। कार्यदायी संस्था कार्य शुरू कराकर फरार हो चुकी है। कार्यदायी संस्था का तभी से कोई पता नहीं है। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने डीएम से स्कूल भवनों का निर्माण पूरा कराने की मांग की है। उधर बीईओ उतरौला का कहना है कि बजट न होने के चलते भवनों का निर्माण लटका हुआ है।
ग्राम प्रधान अखलाक अहमद खान व अन्य ग्रामीणों ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि वर्ष 2014 में पूर्व माध्यमिक विद्यालय इमिलिया व रामपुर मुरार के स्कूल भवन का निर्माण शुरु कराया गया था। थोड़ा सा कार्य कराकर कार्यदायी संस्था फरार हो गई है तब से स्कूल भवनों का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। स्कूल भवनों का निर्माण न होने से छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने डीएम से तत्काल समस्या का निराकरण कराए जाने की मांग की है।
शीघ्र समस्या का निराकरण न होने पर ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। बीईओ उतरौला रामू प्रसाद ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र के दो स्थानों पर प्राथमिक विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा था। रामपुर मुरार व इमिलिया में निर्माण कार्य पांच साल पहले शुरू हुआ था। धन की कमी के कारण कार्यदायी संस्था बीच में ही काम छोड़कर चली गई। इस संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।