रेहरा बाजार। जिले को हरा-भरा बनाने के लिए वन विभाग साढ़े छह लाख पौधों को तैयार करने में जुट गया है। रेहरा बाजार वन रेंज के तीन पौधशालाओं में पौधों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। औषधीय छायादार, फलदार व बेशकीमती लकड़कियों वाले पौधों को नर्सरी में तैयार किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर मिट्टी बनाकर थैला भरान शुरू कर दिया गया है।
रेहरा बाजार रेंज के रेंजर मोहम्मद इकबाल ने बताया कि तेंदुआ वन क्षेत्र में तीन लाख, बैरिया में दो लाख और किशुनपुर ग्रंट पौधशाला में 1.50 लाख पौधे तैयार किए जा रहे है। सागौन, शीशम, बहेड़ा, आंवला, नींबू, कटहल, अमरुद, शरीफा, कंजी, जामुन, फरेंद, कैथा, मौलथ्री, गोल्ड मोहर, महुआ व नीम आदि के पौधे नर्सरी में तैयार किए जा रहे है।
तीनों वन क्षेत्रों में पौधों को तैयार कराने के लिए वन रक्षक जगदंबा प्रसाद पांडेय, वन दरोगा सुभाष चंद्र यादव, इबरार, सत्येंद्र यादव व उमापाल सिंह को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पौधों को तैयार करके सभी वन क्षेत्रों में सुरक्षित रखा जाएगा।
जुलाई 2020 में पौधरोपण की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। पौधरोपण से पहले जून माह में मनरेगा योजना से चयनित स्थलों पर गड्ढे तैयार कराए जाएंगे। गड्ढों में खाद व पानी की व्यवस्था कराई जाएगी जिससे पौधे लगाने के बाद उनके विकास में सभी संभावनाएं मौजूद रहे।