बलरामपुर। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से की। बलरामपुर में मुख्यमंत्री ने केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर के रूप में बनने वाले अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के निर्माण की प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई।
सीएम ने कमिश्नर देवीपाटन मंडल से एसबीएस रंगाराव से मामले की जांच करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के नाराजगी के बाद स्थानीय प्रशासन तथा कार्यदायी संस्था ने आननफानन में शनिवार को सेटेलाइट सेंटर के बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू करा दिया है। निर्माण की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम श्रावस्ती को दी गई है।
विदित हो कि लंबे इंतजार के बाद आखिरकार केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। करोड़ों की लागत से बनने वाले केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर की बाउंड्रीवाल बनाने के लिए पिलर ढालने का काम कार्यदायी संस्था ने शनिवार से शुरू कर दिया है।
हालांकि सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास अभी नहीं हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवरात्र में सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास करेंगे। केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर का निर्माण होने से जिले के करीब 25 लाख आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ यहां के बच्चों को मेडिकल की पढ़ाई का अवसर प्राप्त होगा।
सेटेलाइट सेंटर के लिए 36 एकड़ भूमि का किया गया अधिग्रहण
वाजपेयी की कर्मस्थली बलरामपुर में केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर के निर्माण की घोषणा करीब डेढ़ साल पहले की थी। सेटेलाइट सेंटर निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तत्काल शुरु कर दी गई। जेई राम मनोहर मौर्य ने बताया कि सेटेलाइट सेंटर में 200 बेड का हास्पिटल बनाने के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय के बगल करीब छह एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रशासनिक भवन, मेडिकल कालेज व आवासीय परिसर के लिए करीब 30 एकड़ भूमि का अधिग्रहण डीएम आवास के पास किया गया। इसमें से कुछ जमीन सरकारी अधिग्रहीत की गई और कुछ जमीन किसानों से पांच करोड़ रुपये में खरीदी गई है।
85.12 करोड़ से होगा निर्माण
केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर का निर्माण कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने 85.12 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। निर्माण की जिम्मेदारी राष्ट्रीय निर्माण निगम श्रावस्ती इकाई को सौंपी गई है। निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में 20 करोड़ रुपये आवंटित भी कर दिया गया है। सीएमओ डा. घनश्याम सिंह ने बताया कि केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर के हास्पिटल की बाउंड्रीवाल बनाने के लिए कार्यदायी संस्था ने पिलर ढालने का काम शुरु कर दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास किए जाने के बाद सेटेलाइट सेंटर की सभी इकाई के निर्माण का कार्य अधिकारिक रूप से शुरु हो जाएगा।
नवरात्र में सेटेलाइट सेंटर का हो सकता है शिलान्यास
सदर विधायक पल्टूराम ने बताया कि पिछले सप्ताह ही मैंने मुख्यमंत्री आवास पर जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सेेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास करने का निवेदन किया था। मुख्यमंत्री ने नवरात्र में सेटेलाइट सेंटर के शिलान्यास का आश्वासन दिया है। एक-दो दिन के अंदर ही शिलान्यास के संबंध में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित हो सकता है।
तेजी से होगा निर्माण कार्य
केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर के निर्माण में धीमी प्रगति के चलते सीएम ने नाराजगी जताई है। निर्माण कार्य शनिवार को शुरु करा दिया गया है। तेजी से निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। निर्माण कार्य में आने वाली सभी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।
-कृष्णा करुणेश, डीएम बलरामपुर