जेल में बंद पूर्व सपा विधायक आरिफ अनवर हाशमी व उनके भाईयों सहित 14 लोगों के खिलाफ शनिवार को फिर दो मुकदमे दर्ज हुए हैं। विधायक और उनके भाईयों सहित लेखपाल पर खेल मैदान और नाले की जमीन हड़पने का आरोप है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सादुल्लाहनगर थानाध्यक्ष रामदवन मौर्य ने बताया कि सरायखास निवासी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि सादुल्लाहनगर में खेल मैदान की जमीन कूटरचित ढंग से कब्जा कर पूर्व सपा विधायक आरिफ अनवर हाशमी, उनके भाई निजामुद्दीन हाशमी, मारूफ अनवर हाशमी, आबिद अनवर हाशमी और लेखपाल अकलीम ने किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनवा दिया।
इन लोगों ने भूलेख प्रपत्रों में कूटरचना व ओवरराइटिंग की है। अनिल की तहरीर पर पूर्व विधायक समेत सभी पांचों लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
सीओ उतरौला राधारमण सिंह ने बताया कि गांधीनगर निवासी राजा ने तहरीर दी थी कि पूर्व विधायक आरिफ अनवर हाशमी, मारुफ अनवर हाशमी, निजामुद्दीन हाशमी, फरीद अनवर हाशमी, इसरार अहमद, आरिफ अली, चिनगुदे, अलीहसन तथा उतरौला नगर के तत्कालीन लेखपाल ने नगर स्थित नाले व पानी खाते की जमीन को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अपने नाम दर्ज करा लिया और इस जमीन पर कॉलेज का निर्माण कर लिया। सभी लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और लोक संपत्ति निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।