फोटो-34-बलरामपुर के तुलसीपुर में शुरू हुआ ओवरब्रिज का निर्माण कार्य ।-संवाद
तुलसीपुर। स्थानीय हरैया तिराहा पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य फिर शुरू कर हो गया है। चैत्र नवरात्र एवं देवीपाटन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। लगभग 99.70 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए शासन पहली किश्त के रूप में 35 करोड़ रुपये की धनराशि पहले ही जारी कर चुका है।
628 मीटर लंबे एल शेप ओवरब्रिज का निर्माण तहसील बाउंड्री के पास से शुरू होकर रेलवे क्रॉसिंग को पार करते हुए देवीपाटन सड़क स्थित एक निजी लॉज तक प्रस्तावित है। वर्तमान में सेतु निगम ने कुल 18 पिलरों में से लगभग सात पिलरों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है, जो परियोजना का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा है। देवीपाटन शक्तिपीठ पर मेला अभी भी जारी है और रात के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन व मेले में पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य की महत्ता और 31 दिसंबर 2027 की समय सीमा को ध्यान में रखते हुए कार्य दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया है।